भारत सरकार का जल शक्ति मंत्रालय, प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, अनुसंधान और शैक्षणिक संस्थानों, उद्योग निकायों, विकास भागीदारों, नागरिक समाज और निजी क्षेत्र के भागीदारों के सहयोग से, 22-26 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘‘जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन’’ विषय पर 9वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह (आईआईडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यू) 2026 आयोजित कर रहा है। यह पांच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम नीति निर्माताओं, वैश्विक जल प्रमुखों, विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, पेशेवरों, उद्योग, नागरिक समाज और युवा पेशेवरों को संवाद, ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचार और साझेदारी के लिए एक बहुविषयक मंच प्रदान करेगा ताकि उभरती जल चुनौतियों का समाधान किया जा सके और जल-सुरक्षित और जलवायु अनुकूल भविष्य को आगे बढ़ाया जा सके।
आईआईडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यू-2026 की मुख्य बातें
भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह भारत और विश्वभर के विभिन्न हितधारकों को एक साथ लाने, अनुभवों का आदान-प्रदान करने, नवाचारों को प्रदर्शित करने और जल क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। आईआईडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यू-2026 में जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता को जल संबंधी चर्चा के केंद्र में रखा जाएगा जिसमें सतत जल प्रबंधन के लिए संवाद से आगे बढ़कर व्यावहारिक, सहयोगात्मक और कार्यान्वयन योग्य समाधानों पर जोर दिया जाएगा।
स्रोत: पत्र सूचना कार्यालय (Press Information Bureau - PIB), भारत सरकार।